छत्तीसगढ़

International Yoga Day:-सुबह 7 बजे कांकेर में गूंजा ‘योग मंत्र’, मंत्री लखनलाल देवांगन ने दिलाया नशा मुक्त भारत का संकल्प

International Yoga Day:-12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कांकेर में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में योग और स्वास्थ्य का अनूठा संगम देखने को मिला। न्यू कम्युनिटी हॉल परिसर में सुबह 7 बजे आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कहा कि योग और अध्यात्म भारत की प्राचीन धरोहर हैं, जिन्हें आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यह विश्वभर में स्वास्थ्य एवं मानसिक शांति का माध्यम बन चुका है।

International Yoga Day:-मंत्री ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, जिससे अनेक बीमारियां जन्म ले रही हैं। ऐसे समय में योग स्वस्थ शरीर और सकारात्मक मानसिक विकास का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, निरोग और ऊर्जावान बनाता है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

योग प्रशिक्षकों मोहन सेनापति, उपेश्वर ठाकुर एवं कुश साहू के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, उष्ट्रासन, पवनमुक्तासन, शवासन सहित अनेक योगासन किए। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और नाड़ी शोधन जैसे प्राणायामों का भी सामूहिक अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद मोहन मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, भारतीय खाद निगम सदस्य हलधर साहू, प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, डीएफओ रौनक गोयल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, एनसीसी-एनएसएस कैडेट और भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

जिले की सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थाओं में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *