देश-विदेश

Israel Lebanon Conflict:-होर्मुज पर फिर ‘ताला’, लेकिन भारत की बड़ी जीत! ईरान के ऐलान से पहले 8.6 लाख टन तेल लेकर निकल गए 3 सुपर टैंकर

Israel Lebanon Conflict:-मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। लेबनान में इजराइली हमलों के बाद ईरान ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से बंद करने की घोषणा कर दी है। हालांकि इस फैसले से ठीक पहले भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई, जब तीन भारतीय सुपर टैंकर सुरक्षित रूप से इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को पार कर गए।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार (20 जून 2026) को भारतीय टैंकर ‘देश वैभव’, ‘देश विभोर’ और ‘सनमार हेराल्ड’ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत की ओर रवाना हो गए। इन जहाजों पर कुल 94 भारतीय क्रू सदस्य सवार हैं। बताया गया है कि ‘देश विभोर’ ने रास्ते में कुछ समय के लिए दक्षिणी मार्ग की ओर रुख किया था, जिससे स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई थी, लेकिन बाद में वह सुरक्षित रूप से अपने निर्धारित मार्ग पर लौट आया।

Israel Lebanon Conflict:-केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि तीनों टैंकर पूरी तरह सुरक्षित हैं और 24 जून से 1 जुलाई के बीच विभिन्न भारतीय बंदरगाहों पर पहुंचेंगे। इन जहाजों में कुल 8.60 लाख टन से अधिक कच्चा तेल भरा हुआ है, जो भारत की ऊर्जा जरूरतों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मंत्रालय के अनुसार, फिलहाल फारस की खाड़ी के पश्चिमी हिस्से में 10 भारतीय जहाज अभी भी मौजूद हैं, जिन पर लगातार नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए अंतरिम समझौते के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को आंशिक रूप से खोला गया था। समझौते में ईरान द्वारा यूरेनियम भंडार कम करने और बदले में प्रतिबंधों में राहत देने की बात शामिल थी। लेकिन लेबनान में इजराइली हमलों के बाद हालात फिर बिगड़ गए और ईरान ने अमेरिका पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए जलडमरूमध्य को दोबारा बंद करने की चेतावनी दे दी।

इस घटनाक्रम ने वैश्विक तेल बाजार और समुद्री व्यापार को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। वहीं, ईरानी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ तकनीकी वार्ता के लिए स्विट्जरलैंड रवाना हो चुका है, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति पर दुनिया की नजर बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *