Nari Shakti Vandan:-नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास न होने पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, कहा—महिलाओं के साथ हुआ धोखा

Nari Shakti Vandan:-नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पास नहीं हो पाने पर भाजपा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के हितों की अनदेखी की है और इस बार भी महिलाओं के अधिकारों के साथ “बहुत बड़ा पाप” किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिल पास न होने के बाद विपक्ष ने खुशियां मनाईं, जबकि भाजपा नेताओं को दुख हुआ। अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों को इसका खामियाजा भविष्य में भुगतना पड़ेगा।
READ MORE:- महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद विपक्ष हुआ आक्रामक, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की फिर तैयारी
Nari Shakti Vandan:-इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव समेत कई नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारत में हमेशा से महिलाओं को देवी के रूप में सम्मान दिया जाता है, लेकिन विपक्ष ने इस बिल का विरोध करके महिलाओं की उम्मीदों को तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, टीएमसी और सपा जैसे दलों ने मिलकर इस कानून को पास नहीं होने दिया।
साय ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जैसे उज्ज्वला योजना और महतारी वंदन योजना, जिससे लाखों महिलाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह वर्षों से महिला आरक्षण की बात तो करती है, लेकिन जब इसे लागू करने का समय आता है तो पीछे हट जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की करोड़ों महिलाओं के साथ धोखा है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33% आरक्षण दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
