CG News:-मुगलों के सामने नहीं झुकी थीं रानी दुर्गावती, बलिदान दिवस पर CM साय बोले – उनका शौर्य आज भी राष्ट्र की ताकत

रायपुर में रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मुख्यमंत्री ने किया नमन, कहा – इतिहास और विरासत को याद रखना ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी
CG News:-रायपुर। वीरता, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की मिसाल रहीं वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित केनाल लिंकिंग रोड पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का अदम्य साहस और बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है, जो आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रानी दुर्गावती ने अपने जीवन में राष्ट्रप्रेम, आत्मसम्मान और मातृभूमि की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की सीख हमें रानी दुर्गावती के जीवन से मिलती है।
उन्होंने समाज को अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों को याद रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जो समाज अपनी विरासत और इतिहास को भूल जाता है, उसका भविष्य भी संकट में पड़ जाता है। वहीं जो समाज अपने नायकों का सम्मान करता है, उसका भविष्य सदैव उज्ज्वल रहता है।
CG News:-मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के जीवन के ऐतिहासिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मुगल सेना के सामने अद्भुत वीरता का परिचय दिया और अंतिम सांस तक मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहीं। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में साहस और स्वाभिमान के स्वर्णिम अध्याय के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। विकास तभी सार्थक है जब हम अपनी सांस्कृतिक धरोहर, इतिहास और महान विभूतियों के योगदान को भी संरक्षित रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन केवल इतिहास का हिस्सा नहीं है, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी मार्गदर्शक है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक भूलन सिंह मरावी, डॉ. नंदकुमार साय, रायपुर महापौर मीनल चौबे, औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

