CG News:-UPSC में ट्राइबल यूथ हॉस्टल का कमाल, साधारण परिवारों के 13 युवाओं ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

CG News:-छत्तीसगढ़ के युवाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सफलता के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा जरूरी मेहनत और लगन होती है। नई दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी करने वाले 13 विद्यार्थियों ने UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 में सफलता हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
इन सफल अभ्यर्थियों से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ सदन, नई दिल्ली में मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि उन मेहनतकश परिवारों के सपनों की जीत है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
REDA MORE:- हवाई सफर का सपना पड़ सकता है महंगा! टिकट कीमतों में 25% तक बढ़ोतरी के संकेत
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, संघर्ष और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने बताया कि ट्राइबल यूथ हॉस्टल में मिले बेहतर अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं ने उन्हें बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास दिया।
CG News:-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा पास करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन अब मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी पूरी लगन और अनुशासन के साथ करनी होगी। उन्होंने युवाओं को समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत का महत्व बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और देश की सेवा का सशक्त माध्यम हैं। भविष्य में अधिकारी बनने वाले युवाओं को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ काम करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी सोच के तहत द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई हैं, जिससे दूरस्थ जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राजधानी दिल्ली में रहकर तैयारी का बेहतर अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि UPSC प्रारंभिक परीक्षा 2026 में सफल होने वाले विद्यार्थियों में गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।

