समाचार

Travel Tips:-छुट्टियों में घूमने का बना रहे हैं प्लान? कम बजट में भी यादगार बन सकता है आपका सफर

Travel Tips:- शहरों की भागदौड़, काम का तनाव और रोजमर्रा की जिंदगी से कुछ दिनों का ब्रेक लेना चाहते हैं, तो पहाड़ों की सैर आपके लिए शानदार विकल्प हो सकती है। अक्सर लोग घूमने का प्लान महंगे फ्लाइट टिकट और यात्रा के खर्च की वजह से टाल देते हैं। हालांकि, भारत में कई ऐसे खूबसूरत हिल स्टेशन हैं, जहां ट्रेन और स्थानीय परिवहन की मदद से आसानी से पहुंचा जा सकता है।

इन जगहों तक पहुंचने के दौरान हरे-भरे जंगल, ऊंचे पहाड़, सुरंगें और खूबसूरत वादियां आपके सफर को और भी यादगार बना देती हैं। आइए जानते हैं देश के ऐसे छह हिल स्टेशनों के बारे में, जहां कम बजट में छुट्टियों का आनंद लिया जा सकता है।

1. शिमला, हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला अपनी खूबसूरत वादियों, देवदार के जंगलों और ऐतिहासिक इमारतों के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां पहुंचने के लिए कालका रेलवे स्टेशन से टॉय ट्रेन ली जा सकती है। कालका से शिमला तक करीब 96 किलोमीटर का रेल मार्ग यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है

इस सफर में पहाड़ों, सुरंगों और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया जा सकता है। शिमला में माल रोड, रिज, जाखू मंदिर और कुफरी घूमने की प्रमुख जगहें हैं।

2. नैनीताल, उत्तराखंड

झीलों और पहाड़ों के बीच छुट्टियां बिताने के लिए नैनीताल एक शानदार जगह है। यहां का नजदीकी प्रमुख रेलवे स्टेशन काठगोदाम है, जो नैनीताल से करीब 35 किलोमीटर दूर है। रेलवे स्टेशन से बस या शेयर टैक्सी की मदद से नैनीताल पहुंचा जा सकता है।

यहां नैनी झील में बोटिंग, नैना देवी मंदिर के दर्शन और स्नो व्यू पॉइंट से पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद ले सकते हैं।

3. ऊटी, तमिलनाडु

दक्षिण भारत का प्रसिद्ध हिल स्टेशन ऊटी अपने चाय बागानों, खूबसूरत झीलों और हरी-भरी पहाड़ियों के लिए जाना जाता है। मेट्टुपालयम रेलवे स्टेशन से नीलगिरि माउंटेन रेलवे की टॉय ट्रेन सीधे ऊटी तक जाती है।

करीब 46 किलोमीटर का यह रेल सफर चार से पांच घंटे का हो सकता है। ऊटी झील, बॉटनिकल गार्डन और डोडाबेट्टा पीक यहां के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं।

4. माथेरान, महाराष्ट्र

अगर आप प्रदूषण और गाड़ियों के शोर से दूर समय बिताना चाहते हैं, तो माथेरान आपके लिए अच्छा विकल्प है। मुंबई और पुणे से नेरल रेलवे स्टेशन पहुंचकर माथेरान के लिए टॉय ट्रेन ली जा सकती है।

करीब 20 किलोमीटर का यह रेल मार्ग बेहद खूबसूरत है। माथेरान की खासियत यह है कि यहां सामान्य मोटर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। यहां चार्लोट झील, पैनोरमा पॉइंट और सनसेट पॉइंट घूम सकते हैं।

5. माउंट आबू, राजस्थान

रेगिस्तान के लिए मशहूर राजस्थान में भी एक खूबसूरत हिल स्टेशन है। अरावली की पहाड़ियों के बीच बसा माउंट आबू राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन है। यहां का नजदीकी रेलवे स्टेशन आबू रोड है, जो करीब 28 किलोमीटर दूर है। स्टेशन से बस या टैक्सी के जरिए माउंट आबू पहुंच सकते हैं।

नक्की झील, गुरु शिखर, दिलवाड़ा जैन मंदिर और सनसेट पॉइंट यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।

6. मसूरी, उत्तराखंड

‘पहाड़ों की रानी’ के नाम से मशहूर मसूरी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए लोकप्रिय है। यहां का नजदीकी रेलवे स्टेशन देहरादून है, जो मसूरी से करीब 35-36 किलोमीटर दूर है। देहरादून से बस या टैक्सी के जरिए मसूरी पहुंचा जा सकता है।

यहां केम्पटी फॉल्स, गन हिल, माल रोड और लाल टिब्बा पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

Travel Tips:-यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप कम बजट में पहाड़ों की सैर करना चाहते हैं, तो ट्रेन और होटल की बुकिंग पहले से कर लें। निजी टैक्सी की जगह स्थानीय बस या शेयर टैक्सी का इस्तेमाल करके भी खर्च कम किया जा सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम और टॉय ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी यात्रा से पहले जरूर ले लें।

सही योजना और थोड़ी समझदारी से आप सीमित बजट में भी परिवार और दोस्तों के साथ शानदार छुट्टियां बिता सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *