छत्तीसगढ़

CG Politics:-छत्तीसगढ़ में दिसंबर से बदल सकता है सियासी माहौल, सर्व आदिवासी समाज की बैठक में हुआ बड़ा फैसला

CG Politics:-छत्तीसगढ़ में दिसंबर का महीना सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। राजधानी रायपुर में आयोजित समाज की बैठक में चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की गई है। समाज ने आदिवासियों के संवैधानिक अधिकार, आरक्षण, जमीन, रोजगार और धार्मिक पहचान से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से तत्काल निर्णय लेने की मांग की है।

CG Politics:-प्रदेश के सभी 90 विधायकों के घर के सामने बजेगा नगाड़ा

सर्व आदिवासी समाज की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 1 दिसंबर को प्रदेश के सभी 90 विधायकों के निवास के सामने नगाड़ा बजाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद 11 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में मंत्रियों का पुतला दहन किया जाएगा। वहीं, 15 दिसंबर को विधानसभा का घेराव करने की तैयारी है।

CG Politics:-आरक्षण और रोजगार को लेकर उठाई आवाज

समाज ने सरकारी नौकरियों में भर्ती और पदोन्नति में आदिवासी वर्ग को 32 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर सरकारी, अर्धशासकीय संस्थानों और निजी कंपनियों में जनसंख्या के अनुपात में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही है। फर्जी जाति प्रमाणपत्रों से जुड़े मामलों की जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई है।

CG Politics:-जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा पर जोर

सर्व आदिवासी समाज ने बस्तर और सरगुजा समेत पूरे प्रदेश में आदिवासियों की जमीन के अवैध अधिग्रहण और लीज पर रोक लगाने की मांग की है। समाज ने आदिम जाति कल्याण विभाग का नाम बदलने के फैसले को वापस लेने और आगामी जनगणना में आदिवासी धर्म के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग भी रखी है।

CG Politics:-विस्थापित परिवारों की घर वापसी की मांग

बैठक में सलवा जुडूम के दौरान विस्थापित हुए परिवारों का मुद्दा भी उठाया गया। समाज का दावा है कि उस दौरान करीब 600 गांव उजड़ गए थे। ओडिशा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों में रह रहे विस्थापित परिवारों को उनके मूल गांवों में दोबारा बसाने और बंद हुए स्कूलों को शुरू करने की मांग की गई है।

CG Politics:-पेसा कानून और UCC को लेकर भी विरोध

समाज ने अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून को प्रभावी तरीके से लागू करने और 24 दिसंबर को प्रदेशभर में पेसा दिवस मनाने की मांग की है। इसके अलावा समान नागरिक संहिता (UCC) का विरोध करते हुए आदिवासियों की पारंपरिक व्यवस्था, संस्कृति और रीति-रिवाजों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया है।

डिजिटल रजिस्ट्री पर रोक लगाने और अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासियों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई है।

CG Politics:-विधानसभा सत्र के दौरान होगा बड़ा प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, शीतकालीन सत्र 14 से 17 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसी दौरान 15 दिसंबर को सर्व आदिवासी समाज ने विधानसभा घेराव की घोषणा की है।

ऐसे में आदिवासी समाज की मांगों को लेकर विधानसभा के भीतर भी राजनीतिक चर्चा होने की संभावना है। अब सभी की निगाहें राज्य सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *