छत्तीसगढ़

Political News:-नकटी विवाद के बीच नया ‘लैंड गेम’! पूर्व मंत्री मो. अकबर बोले- 1076 एकड़ जमीन बिल्डरों को सौंपने की तैयारी?

Political News:-नकटी भूमि विवाद को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि सरकार नकटी सहित छह गांवों की करीब 436.01 हेक्टेयर (लगभग 1076 एकड़) जमीन को नगर विकास योजना के नाम पर निजी डेवलपर्स को सौंपने की तैयारी कर रही है।

अकबर ने कहा कि शासकीय दस्तावेजों और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) की जारी निविदा से यह संकेत मिलता है कि नकटी, सेरीखेड़ी, मंदिर हसौद, रमचंडी, बरौंदा और रीको गांवों की भूमि इस प्रस्तावित परियोजना में शामिल की गई है।

Political News:-क्या है पूरा मामला?

पूर्व मंत्री के अनुसार, NRDA द्वारा जारी टेंडर के तहत चयनित एजेंसी को सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज, बिजली समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित करनी होंगी। इसके बदले एजेंसी को मिक्स्ड यूज (Mixed Use) भूमि विकसित करने और उसके विक्रय का अधिकार मिलेगा।

अकबर का आरोप है कि इससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार जमीन सीधे बेचने के बजाय डेवलपर के माध्यम से निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है।

Political News:-सरकार से मांगा जवाब

मोहम्मद अकबर ने सरकार से स्पष्ट करने की मांग की है कि इस योजना में कहीं वह विवादित भूमि तो शामिल नहीं है, जहां हाल ही में कार्रवाई और विध्वंस हुआ था। उन्होंने कहा कि नकटी में अभी भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रभावित परिवार न्याय की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावित लोगों को न्यायसंगत और सर्वसम्मत समाधान नहीं मिल जाता, तब तक सरकार को किसी भी प्रकार की विकास या भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ानी चाहिए।

Political News:-22 जुलाई है टेंडर की अंतिम तारीख

अकबर ने बताया कि इस परियोजना के लिए निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे समय में जब नकटी भूमि विवाद को लेकर असंतोष बना हुआ है, इस तरह की प्रक्रिया कई सवाल खड़े करती है।

Political News:-सरकार का पक्ष

फिलहाल राज्य सरकार या NRDA की ओर से मोहम्मद अकबर के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सरकार का पक्ष आने के बाद समाचार को अपडेट किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *