नौकरी

CG Jobs:-वादा नौकरी का, इंतजार बेरोजगारी का! 75 हजार खाली पदों पर भर्ती कब? राजधानी में युवाओं का सरकार से सीधा सवाल

CG Jobs:-रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से लंबित सरकारी भर्तियों को लेकर शनिवार को विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे बेरोजगार अभ्यर्थी राजधानी रायपुर पहुंचे। युवाओं ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर लंबित भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार द्वारा कई पदों के लिए वित्तीय स्वीकृति दिए जाने के बावजूद अब तक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उनका कहना है कि भर्ती में लगातार हो रही देरी से कई अभ्यर्थियों की आयु सीमा भी प्रभावित हो रही है।

CG Jobs:-5 हजार शिक्षक और 700 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती का इंतजार

युवाओं के अनुसार, उच्च शिक्षा विभाग में लगभग 700 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए करीब एक वर्ष पहले वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि विभाग में 3 हजार से अधिक पद अभी भी रिक्त हैं। वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग में 5 हजार शिक्षक पदों के लिए भी स्वीकृति जारी होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।

अभ्यर्थियों का दावा है कि राज्य के विभिन्न विभागों में करीब 75 हजार पद खाली हैं, लेकिन इन पर भर्ती की प्रक्रिया अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रही है।

CG Jobs:-छह बार दे चुके हैं आवेदन

बेरोजगार युवाओं का कहना है कि वे कई वर्षों से भर्ती विज्ञापन की उम्मीद में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि अब तक वे विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, उच्च शिक्षा मंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री को छह बार ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई।

CG Jobs:-पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती की मांग

अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि सभी लंबित भर्तियों का विज्ञापन जल्द जारी किया जाए और चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *