क्राइम

Mahadev Scam:-दुबई से भारत लौटते ही दबोचा गया अभिषेक कुमार, महादेव सट्टा ऐप केस में CBI की बड़ी कार्रवाई

Mahadev Scam:-छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI के मुताबिक, आरोपी को दुबई से हैदराबाद पहुंचते ही राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पकड़ा गया।

गिरफ्तारी के बाद अभिषेक को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां CBI को 3 दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद आरोपी को रायपुर लाया गया और यहां कोर्ट ने उसे 2 दिन की पुलिस रिमांड पर CBI को सौंप दिया।

Mahadev Scam:-पैनल और पैसों के नेटवर्क में भूमिका का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, अभिषेक कुमार महादेव बुक के पैनल के संचालन और पैसों की वसूली/फंड जुटाने में सक्रिय भूमिका निभाता था। CBI का कहना है कि वह मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था। जब्त सामग्री भी महादेव सट्टा ऐप के संचालन में उसकी कथित भूमिका की ओर इशारा करती है।

CBI की जांच में आरोपी के कथित तौर पर अवैध कमाई को विदेश में निवेश करने और दुबई में संपत्ति से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने की बात भी सामने आई है।

Mahadev Scam:-13 FIR से लेकर 8 चार्जशीट तक पहुंची जांच

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े छत्तीसगढ़ में दर्ज 13 FIR को CBI ने अपने हाथ में लेकर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दायरे में कथित मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, हवाला ऑपरेटर और कुछ सरकारी कर्मचारियों समेत कई आरोपी शामिल हैं।

CBI के अनुसार, अब तक करीब 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। एजेंसी की जांच अभी जारी है और फरार आरोपियों तथा कथित अपराध से जुड़े पैसों के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Mahadev Scam:-अब अभिषेक से होगी नेटवर्क को लेकर पूछताछ

रायपुर कोर्ट से मिली 2 दिन की पुलिस रिमांड के दौरान CBI अभिषेक कुमार से महादेव सट्टा ऐप के पैनल नेटवर्क, फंडिंग, लेनदेन और दूसरे आरोपियों से उसके संबंधों को लेकर पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ से मामले में आगे और खुलासे होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *