छत्तीसगढ़

Kulgam Attack:-कुलगाम आतंकी हमले के बाद छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, शहीद श्रमिकों के परिवारों को ₹20-20 लाख की सहायता; दिल्ली दौरे से लौटे CM साय ने किए कई बड़े ऐलान

Kulgam Attack:-जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा मानवीय फैसला लेते हुए दोनों मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। यह घोषणा जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा घोषित मुआवजे के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से की गई सहायता है।

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि बस्तर पंडुम के विजेताओं को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों और बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के प्रयासों की जानकारी भी दी गई।

Kulgam Attack:-बस्तर विकास के लिए केंद्र से मांगी कई मंजूरियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री से बस्तर में विद्युतीकरण, आयुर्वेद आधारित एम्स की स्थापना और ग्रामीण विकास परियोजनाओं को लेकर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। इसके अलावा आने वाले समय में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में ‘लखपति दीदी’ सम्मेलन आयोजित करने की भी तैयारी है।

Kulgam Attack:-रेल, सड़क और मोबाइल नेटवर्क पर भी फोकस

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि रेल मंत्री के साथ बैठक में कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन के निर्माण को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही किरंदुल-बीजापुर समेत बस्तर के अन्य क्षेत्रों में रेल नेटवर्क विस्तार पर भी बातचीत हुई।

उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में पहले स्वीकृत 500 से अधिक मोबाइल टावरों के लिए केंद्र का आभार जताया गया है। इसके अलावा बस्तर के 400 से अधिक गांवों में बिजली पहुंचाने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के विस्तार को लेकर भी केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा हुई।

Kulgam Attack:-महानदी जल विवाद पर तीन महीने में समाधान की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने बताया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ महानदी जल विवाद को लेकर हुई बैठक सकारात्मक रही। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए अगले तीन महीनों के भीतर जल बंटवारे पर निर्णय हो सकता है।

Kulgam Attack:-कांग्रेस पर साधा निशाना

आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस को हर घटना में बीजेपी और आरएसएस की साजिश नजर आती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को “अपना चश्मा बदलने की जरूरत है।” वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती के पलायन संबंधी बयानों पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोजगार की कोई कमी नहीं है और नई औद्योगिक नीति के साथ ग्रामीण रोजगार योजनाओं से लोगों को लगातार काम मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *