छत्तीसगढ़

International Yoga Day:-योग को मिलेगा नया विस्तार: मुख्यमंत्री साय से मिले योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल, प्रदेशभर में जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर

International Yoga Day:-छत्तीसगढ़ में योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने संजय अग्रवाल को योग आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में अहम भूमिका निभाता है।

International Yoga Day:-मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान बनकर उभरा है और इसे समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना जरूरी है।

बैठक के दौरान प्रदेश में योग गतिविधियों के विस्तार, योग शिविरों के आयोजन, जागरूकता कार्यक्रमों तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि श्री संजय अग्रवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा और प्रदेश में योग आंदोलन को नई दिशा मिलेगी।

राज्य सरकार का मानना है कि योग को जनआंदोलन का स्वरूप देकर न केवल लोगों के स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सकता है, बल्कि एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *