Crime News:-ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच बना जाल! महिला से 25 लाख की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार; नौकरी के नाम पर युवती को भी बनाया बंधक

Crime News:-छत्तीसगढ़ में निवेश और नौकरी के नाम पर ठगी के दो बड़े मामले सामने आए हैं। भिलाई में शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रायपुर में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर एक युवती से पैसे वसूले गए और उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया।
जामुल पुलिस के मुताबिक, स्थानीय निवासी फातिमा अहमद को पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह ने खुद को फाइनेंशियल कंसलटेंट बताकर ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने की सलाह दी। आरोपियों ने अधिक रिटर्न का भरोसा दिलाकर महिला से लगभग 25 लाख रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, पीड़िता की सहेली के सोने के गहने भी अपने नाम पर गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये हासिल कर लिए।
धोखाधड़ी के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Crime News:-नौकरी का सपना दिखाकर युवती से वसूले पैसे
इधर राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर युवती को ठगने और मानसिक दबाव बनाने का मामला सामने आया है। सुकमा की रहने वाली युवती को ट्रेनिंग और रोजगार का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया। कुछ दिन ट्रेनिंग देने के बाद बेहतर पद और अधिक वेतन का लालच देकर 46 हजार रुपये जमा करने की मांग की गई।
परिजनों का आरोप है कि रकम की व्यवस्था के लिए जमीन तक गिरवी रखनी पड़ी और 15 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे गए। इसके बावजूद बाकी पैसे जमा कराने के लिए लगातार दबाव बनाया जाता रहा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवती के मोबाइल इस्तेमाल पर पाबंदी लगा दी गई थी और उसे निगरानी में रखा जाता था।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। युवती के बयान के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
