क्राइम

Crime News:-केलों के नीचे छिपा था 4.5 करोड़ का गांजा! यूपी का शराब कारोबारी निकला ड्रग्स सिंडिकेट का सरगना, महासमुंद पुलिस का बड़ा खुलासा

Crime News:-छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 4.5 करोड़ रुपये के अवैध गांजा कारोबार के मास्टरमाइंड को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि करोड़ों रुपये की गांजे की खेप को कच्चे केलों के नीचे छिपाकर तस्करी की जा रही थी, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।

पुलिस के अनुसार, बसना थाना क्षेत्र में 17 अप्रैल को पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन को रोका गया था। जांच के दौरान वाहन में लदे कच्चे केलों के नीचे 29 प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखे गए 912.760 किलोग्राम गांजे का जखीरा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। वाहन से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई थीं।

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को इस पूरे नेटवर्क के पीछे उत्तर प्रदेश के शामली निवासी विनय कुमार शर्मा उर्फ पंडित जी का नाम सामने आया। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल डेटा और पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पुष्टि की कि विनय शर्मा ही इस सिंडिकेट का मुख्य रिसीवर और फाइनेंसर था।

Crime News:-महासमुंद पुलिस की विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर 17 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कई राज्यों में शराब ठेकों का संचालन करता है और इन्हीं कारोबारों की आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा के कंधमाल जिले से लोड होकर उत्तर प्रदेश भेजी जा रही थी। मामले में सप्लायर, बिचौलिया, चालक और मुख्य रिसीवर समेत पूरे नेटवर्क को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि ‘सोर्स से डेस्टिनेशन’ तक कार्रवाई करते हुए पूरे ड्रग्स सिंडिकेट को ध्वस्त कर दिया गया है।

फिलहाल आरोपी विनय शर्मा को ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अंतरराज्यीय नशा कारोबार से जुड़े कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *