छत्तीसगढ़

Chhattisgarh News:-अंबिकापुर में ‘1 करोड़’ की रिश्वत का आरोप, ट्रेनी IPS तक पहुंची शिकायत… CBI कोर्ट ने जारी किया नोटिस

Chhattisgarh News:-अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पदस्थ एक ट्रेनी IPS अधिकारी पर एक करोड़ रुपये की कथित रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर हरियाणा निवासी आकाश कुमार ने दिल्ली की CBI स्पेशल कोर्ट में परिवाद दायर किया है। शिकायतकर्ता ने आरोपों के समर्थन में WhatsApp चैट के स्क्रीनशॉट और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी कोर्ट में पेश किए हैं। शिकायत पर कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के DGP समेत संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगा है।

Chhattisgarh News:-20.15 लाख की ऑनलाइन ठगी के मामले से जुड़ा विवाद

शिकायत के मुताबिक, आकाश कुमार के खिलाफ अंबिकापुर के साइबर रेंज थाने में करीब 20.15 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज है। आकाश का आरोप है कि इस मामले की जांच के दौरान कार्रवाई को प्रभावित करने के लिए तत्कालीन अंबिकापुर CSP एवं ट्रेनी IPS राहुल बंसल की ओर से कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की मांग की गई।

हालांकि, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

Chhattisgarh News:-हवाला के जरिए रकम पहुंचाने का दावा

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कथित रिश्वत की रकम हवाला नेटवर्क के जरिए पहुंचाई गई। इस पूरे मामले में ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा पर कथित मध्यस्थ की भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके पास अधिकारियों से हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट और ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद हैं, जिन्हें उसने कोर्ट के समक्ष साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत किया है।

Chhattisgarh News:-पहले CBI निदेशक से की थी शिकायत

आकाश कुमार के अनुसार, उसने इससे पहले पूरे मामले की जांच की मांग को लेकर CBI निदेशक को लिखित शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने दिल्ली स्थित CBI की स्पेशल कोर्ट का रुख किया।

परिवाद में राहुल बंसल, ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं का भी उल्लेख किया गया है।

Chhattisgarh News:-DGP से मांगी गई रिपोर्ट

शिकायत के बाद कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के DGP को नोटिस जारी कर मामले से संबंधित रिपोर्ट मांगी थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, DGP की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा गया था, लेकिन कोर्ट ने इस अनुरोध को स्वीकार नहीं किया और रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया।

अब इस मामले में अगली सुनवाई 11 अगस्त को प्रस्तावित है।

Chhattisgarh News:-आरोप साबित होना अभी बाकी

फिलहाल यह मामला शिकायत और न्यायिक प्रक्रिया के स्तर पर है। ट्रेनी IPS राहुल बंसल, ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि अदालत या किसी जांच एजेंसी की जांच के बाद ही हो सकेगी। इसलिए आरोपों को फिलहाल आरोप के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *