छत्तीसगढ़

CG News:-24 जून को गांवों में बजेगा विकास का बिगुल! आवास सूची से लेकर रोजगार मिशन तक, ग्राम सभा में होंगे बड़े फैसले

CG News:-छत्तीसगढ़ के सभी गांवों में 24 जून 2026 को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर फैसले लिए जाएंगे।

ग्राम सभा की सबसे अहम चर्चा आवास प्लस 2.0 के तहत तैयार की गई स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) को लेकर होगी। ग्रामीणों के सामने सूची का वाचन किया जाएगा और पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता तय की जाएगी। यदि किसी ग्रामीण को सूची पर कोई दावा या आपत्ति होगी तो उसे भी नियमानुसार दर्ज कर उसका निराकरण किया जाएगा।

ग्राम सभा की मंजूरी मिलने के बाद अंतिम सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा, जिससे पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ मिल सके।

CG News:-इसके अलावा पंचायतों के आय-व्यय का ब्यौरा, विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट, पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों के पालन की समीक्षा और गांव के विकास से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा होगी।

बैठक में विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

सरकार ने सभी ग्राम पंचायतों से अपील की है कि ग्राम सभा में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि गांव के विकास से जुड़े फैसलों में जनभागीदारी बढ़ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *