छत्तीसगढ़

CG News:-खेत में बैल चराते-चराते किया एक फोन, 24 घंटे में घर पहुंची मदद; किसान को मिला खाद, बीज और KCC

CG News:-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम लोगों के लिए त्वरित समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनती जा रही है। इसका ताजा उदाहरण सरगुजा जिले के ग्राम सराईटीकरा के किसान राजनाथ राजवाड़े हैं, जिनकी समस्या का समाधान मात्र 24 घंटे के भीतर कर दिया गया।

आगामी खरीफ सीजन के लिए खाद और बीज की व्यवस्था को लेकर किसान राजनाथ चिंतित थे। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिली और उन्होंने अपनी समस्या दर्ज करा दी। शिकायत मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और महज दो घंटे के भीतर कृषि विभाग के अधिकारी किसान से संपर्क कर उनके घर पहुंच गए।

जांच में पता चला कि शासकीय योजना के तहत खाद-बीज प्राप्त करने के लिए किसान का सहकारी बैंक में खाता और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) होना जरूरी है। अधिकारियों ने स्वयं पहल कर किसान की पूरी प्रक्रिया में मदद की। बैंक का समय समाप्त होने के कारण अगले ही दिन उनका बैंक खाता खुलवाया गया, पासबुक जारी कराई गई और जरूरी दस्तावेज पूरे कराए गए।

CG News:-इसके बाद तेजी से किसान क्रेडिट कार्ड भी जारी कर दिया गया। KCC मिलने के साथ ही किसान को आवश्यक खाद और बीज उपलब्ध करा दिए गए। साथ ही भविष्य में कृषि कार्यों के लिए ऋण और अन्य सुविधाएं प्राप्त करने का रास्ता भी आसान हो गया।

बिना किसी सरकारी कार्यालय के चक्कर लगाए समस्या का समाधान मिलने पर किसान राजनाथ राजवाड़े ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे के भीतर ही उनका पूरा काम हो गया। उन्हें खाद के लिए भटकना नहीं पड़ा और अधिकारियों ने घर पहुंचकर हर संभव सहायता दी।

किसान ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था किसानों और आम नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *