CG News:-बसों में छिपे थे मौत के जाल! छत्तीसगढ़ में परिवहन विभाग की बड़ी रेड, 350 वाहनों की जांच में 5.50 लाख का जुर्माना

CG News:-रायपुर। छत्तीसगढ़ में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत अब तक लगभग 350 वाहनों की सघन जांच की गई है। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों से 5.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है, वहीं कई मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की गई है।
CG News:-स्लीपर बसों पर सबसे ज्यादा फोकस
परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश ने सभी क्षेत्रीय और जिला परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित यात्री बसों, खासकर स्लीपर कोच बसों की विशेष जांच करें। विभाग को आशंका है कि कई बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जो दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।
CG News:-मौके पर हटाए जा रहे अवैध केबिन
अभियान के दौरान स्लीपर बसों में चालक दल के लिए बनाए गए अवैध पार्टीशन (विभाजन) और बर्थ में लगाए गए अनधिकृत स्लाइडरों को तत्काल हटाया जा रहा है। विभाग का मानना है कि ये संरचनाएं आपातकालीन स्थिति में यात्रियों के बचाव कार्य में बाधा बन सकती हैं।
CG News:-फायर सेफ्टी और GPS की भी जांच
परिवहन विभाग सभी बसों में कम से कम 10 किलोग्राम क्षमता के अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहा है। साथ ही बसों में लगे GPS सिस्टम की कार्यशीलता की भी जांच की जा रही है। निर्धारित मानकों के विपरीत बनाई गई बस बॉडी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
CG News:-दस्तावेजों की हो रही गहन पड़ताल
जांच के दौरान बसों के पंजीयन प्रमाणपत्र, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट और AIS-119 सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण की जांच की जा रही है। जिन वाहनों में दस्तावेजी या तकनीकी खामियां मिली हैं, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
CG News:-नियम तोड़े तो परमिट भी हो सकता है रद्द
परिवहन आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर चालान, लाइसेंस निलंबन और परमिट रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
CG News:-बस संचालकों को दी जा रही चेतावनी
विभाग केवल कार्रवाई ही नहीं कर रहा, बल्कि बस मालिकों और संचालकों के साथ बैठकें कर उन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक भी कर रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
CG News:-क्या कहते हैं परिवहन आयुक्त?
परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
