Crime News:-कंटेनर का रंग हरा-पीला, अंदर छिपा था नशे का काला कारोबार; 60 लाख का गांजा लेकर गुजरात जा रहे 2 तस्कर गिरफ्तार

Crime News:-महासमुंद। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 120.060 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत करीब 60 लाख 3 हजार रुपये है। मामले में कंटेनर चालक समेत गुजरात के दो कथित अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एनएच-53 पर लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप कंटेनर के जरिए गुजरात ले जाई जा रही है।
READ MORE:- मोदक ही नहीं, बप्पा के भोग में इस बार बनाएं बेसन के लड्डू; धीमी आंच पर भूनने का ये है असली राज
सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद हरे-पीले रंग का कंटेनर CG06 AV 4815 वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार दोनों लोगों से पूछताछ की।
Crime News:-चार बोरियों में छिपा था 120 किलो गांजा
पूछताछ के बाद पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली। वाहन के पिछले हिस्से में रखी चार प्लास्टिक बोरियों से कुल 120.060 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी इस खेप को संबलपुर, ओडिशा से गुजरात ले जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम शाह, निवासी नडियाद, गुजरात और अय्युब खान, निवासी बोरसद, गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Crime News:-गांजा के साथ कंटेनर और मोबाइल भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 120.060 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर जब्त किया। पुलिस के मुताबिक गांजे की कीमत ₹60.03 लाख, मोबाइल की कीमत करीब ₹5,500 और कंटेनर की अनुमानित कीमत ₹10 लाख है। इस तरह कुल जब्ती की कीमत करीब ₹70.08 लाख बताई गई है।
Crime News:-NDPS Act के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप का स्रोत कौन था, गुजरात में इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
