छत्तीसगढ़

CG News:-महासमुंद में आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान बवाल, आखिर ऐसा क्या हुआ कि बुलानी पड़ी पुलिस?

CG News:- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। घटना में आबकारी विभाग के सब इंस्पेक्टर, आरक्षक और एक सेल्समैन घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

CG News:-अवैध शराब की सूचना पर पहुंची थी टीम

मिली जानकारी के मुताबिक, बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ाखुर्द के डुमानी पारा में अवैध शराब बिक्री की सूचना आबकारी विभाग को मिली थी। इसके बाद विभाग की छह सदस्यीय टीम शनिवार सुबह कार्रवाई करने पहुंची। इसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों के साथ टीम का विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

CG News:-पुलिस ने टीम को सुरक्षित बाहर निकाला

घटना की सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और आबकारी विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल सब इंस्पेक्टर, आरक्षक और सेल्समैन को इलाज के लिए बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

गंभीर रूप से घायल सेल्समैन ललित राजपूत को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए महासमुंद रेफर किया गया है।

CG News:-थाने पहुंचा मामला, जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद आबकारी विभाग की टीम ने बागबाहरा थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने वाले सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

CG News:-पहले भी आबकारी टीम पर हो चुका है हमला

महासमुंद जिले में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले जून 2026 में झलप क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम पर हमला हुआ था। उस मामले में अगस्त में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

अब बागबाहरा में हुई घटना के बाद देखना होगा कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *