छत्तीसगढ़

CG News:-इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती पहुंची थाने तक, अब पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

CG News:- सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद प्रेम संबंध और शादी का भरोसा देकर कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक युवती ने मध्यप्रदेश के लखनादौन निवासी सौरभ कुमार जैन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने और हाईकोर्ट से आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले को लेकर युवती ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए न्याय की मांग की है।

CG News:-साल 2023 में इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान

युवती के मुताबिक, वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान सौरभ कुमार जैन से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने और उसके बच्चों को अपनाने का भरोसा दिलाया था।

वर्ष 2024 में बिलासपुर में दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। आरोप है कि जब युवती ने शादी की बात आगे बढ़ाई तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

CG News:-पहले से शादीशुदा होने की बात आई सामने

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महिला का दावा है कि उसे बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़िता शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब पहुंची और मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाई।

CG News:-अग्रिम जमानत खारिज, फिर भी गिरफ्तारी नहीं

पीड़िता का दावा है कि हाईकोर्ट से आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो चुकी है। इसके बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। युवती के अनुसार, आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लखनऊ भी गई थी, लेकिन बिना गिरफ्तारी के लौट आई।

पीड़िता का कहना है कि वह थाना प्रभारी, सीएसपी और एसएसपी कार्यालय में कई बार न्याय की गुहार लगा चुकी है।

CG News:-फोन और मैसेज के जरिए धमकी देने का आरोप

युवती ने आरोप लगाया है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपी फोन कॉल और मैसेज के जरिए उसे धमकियां दे रहा है। इसकी अलग से शिकायत भी पुलिस से की गई है।

पीड़िता का दावा है कि आरोपी के तीन मोबाइल नंबर सक्रिय हैं और उनकी लोकेशन लखनऊ में मिल रही है। इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर उसने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

CG News:-मीडिया के सामने लगाई न्याय की गुहार

पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और धमकी दिए जाने के मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस और आरोपी का पक्ष सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *