समाचार

Lokmanya Tilak Award:-आखिर अमित शाह ने अजीत डोभाल को क्यों बताया देश का सबसे बड़ा सुरक्षा योद्धा? युवाओं को NSA ने दी ऐसी सीख, जिसने छेड़ दी नई बहस

Lokmanya Tilak Award:-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल को शनिवार को पुणे में प्रतिष्ठित लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदान किया। समारोह के दौरान अमित शाह ने डोभाल के राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान को “असाधारण” बताते हुए कहा कि पिछले एक दशक में देश की सुरक्षा से जुड़े लगभग हर बड़े फैसले में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Lokmanya Tilak Award:-‘डोभाल की एक जानकारी से सुलझे थे 13 बम धमाकों के केस’

अमित शाह ने अपने संबोधन में दावा किया कि गुजरात के गृह मंत्री रहने के दौरान अजीत डोभाल द्वारा दी गई एक महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर गुजरात पुलिस ने इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े 13 सीरियल बम धमाकों की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की थी। उन्होंने कहा कि डोभाल ने देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाई है।

Lokmanya Tilak Award:-2014 के बाद बदली राष्ट्रीय सुरक्षा की रणनीति

गृह मंत्री ने कहा कि विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन में राष्ट्रीय सुरक्षा पर वर्षों तक विचार-मंथन होता रहा, लेकिन वे केवल सुझावों तक सीमित थे। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजीत डोभाल को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किए जाने के बाद उन विचारों को नीतियों और जमीनी कार्रवाई में बदला गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हर अहम निर्णय में डोभाल की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है।

Lokmanya Tilak Award:-‘आजादी का मतलब मनमानी नहीं’

सम्मान ग्रहण करने के बाद अजीत डोभाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी का अर्थ केवल अपनी इच्छा के अनुसार कुछ भी करने की स्वतंत्रता नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता लाखों लोगों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, इसलिए युवाओं को अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझना होगा।

उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, छोटे व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठने और देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। डोभाल ने कहा कि भारत के पास आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है और यदि देशवासी समर्पण के साथ कार्य करें तो भारत इतिहास का नया अध्याय लिख सकता है।

Lokmanya Tilak Award:-राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान के लिए मिला सम्मान

लोकमान्य तिलक स्मारक ट्रस्ट की ओर से अजीत डोभाल को वर्ष 2026 का लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी अभियानों, रणनीतिक खुफिया तंत्र और रक्षा नीति में उनके लंबे योगदान के लिए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार हर वर्ष राष्ट्र निर्माण और सार्वजनिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्व को दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *