Breaking News:-कार लॉक थी, फिर भी उड़ गए ₹4.90 लाख! कारोबारी की एक चूक का चोरों ने उठाया फायदा, CCTV में संदिग्ध कैद

Breaking News:-दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े हुई चोरी की एक बड़ी वारदात ने व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा 4 लाख 90 हजार रुपये नकद से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध बाइक सवार कैमरे में कैद हुआ है, जिसकी तलाश की जा रही है।
Breaking News:-पार्टी को भुगतान करने ले जा रहे थे रकम
पुलिस के मुताबिक, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी, जो देव एग्रो इंडस्ट्रीज के संचालक हैं, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर से 4.90 लाख रुपये लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। नकदी एक काले रंग के बैग में रखी गई थी, जिसे उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए देना था।
सुबह करीब 9 बजे उन्होंने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने कार पार्क कर लॉक कर दी। इसके बाद वे अपनी दूसरी बाइक से नया पारा स्थित अपने मित्र रितेश साहू की दुकान चले गए। वहां से लौटते समय उन्होंने इंदिरा मार्केट में चाय भी पी।

Breaking News:-फोन आया तो उड़े होश
कुछ देर बाद उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह ने फोन कर बताया कि उनकी कार का अगला शीशा टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रमोद मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलगांव थाना पुलिस को सूचना दी।
Breaking News:-CCTV में दिखा संदिग्ध, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है। पुलिस उसकी पहचान करने और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपियों को कारोबारी के पास बड़ी नकदी होने की पहले से जानकारी थी और वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

Breaking News:-पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि बड़ी रकम लेकर यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें। यदि संभव हो तो नकदी को वाहन में छोड़कर न जाएं और बैंकिंग या डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग करें।
