रायपुर

Raipur News:-रायपुर के Apple स्टोर में आखिर उस रात क्या हुआ था? पुलिस की 25 दिन की जांच में खुले कई राज

Raipur News:- राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 25 दिनों तक चली जांच के बाद पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के कथित सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की छह टीमों ने अलग-अलग राज्यों में जांच की। एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

Raipur News:-महज आठ मिनट में हुई थी करोड़ों की चोरी

31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित iNext एप्पल स्टोर में चोरी की वारदात हुई थी। दुकान से 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हुए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1.89 करोड़ रुपये बताई गई थी। आरोपी दुकान में लगा सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महज आठ मिनट में वारदात को अंजाम दिया था। मामले में तेलीबांधा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

Raipur News:-40 से अधिक पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर छह विशेष टीमों का गठन किया गया था। जांच में 40 से अधिक पुलिसकर्मियों को लगाया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए बड़े स्तर पर तकनीकी जांच की।

  • 250 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में जांच।
  • 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
  • 1100 से अधिक मोबाइल टावरों का विश्लेषण।
  • 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का तकनीकी परीक्षण।

Raipur News:-महाराष्ट्र में मिला सुराग, जयपुर की घटना से जुड़ी कड़ियां

जांच के दौरान महाराष्ट्र के मौधा इलाके में मिली एक चोरी की मोटरसाइकिल पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई। इसके बाद पुलिस ने दूसरे राज्यों में हुई ऐसी ही वारदातों का रिकॉर्ड खंगाला।

वर्ष 2024 में जयपुर के एक एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटना से रायपुर पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। मध्यप्रदेश पुलिस के सहयोग से देवास निवासी राजेश अजय सिंह झाला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Raipur News:-मुंबई एयरपोर्ट के पास पकड़ा गया दूसरा आरोपी

राजेश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चोरी के मोबाइल खपाने के आरोपी सफान खान की तलाश शुरू की। उसके विदेश भागने की आशंका के बीच पुलिस ने संबंधित एजेंसियों की मदद से उसे मुंबई एयरपोर्ट के पास गिरफ्तार किया।

पूछताछ के बाद मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल की कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।

Raipur News:-नेपाल और बांग्लादेश तक जुड़े हो सकते हैं तार

पुलिस को आशंका है कि चोरी के महंगे आईफोन नेपाल और बांग्लादेश के बाजारों में खपाने के लिए गिरोह का नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी जांच जारी है और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की पुष्टि नहीं हुई है।

Raipur News:-आईफोन अब भी गायब, दो आरोपियों की तलाश जारी

मामले में राजेश अजय सिंह झाला (43) और सफान खान (35) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, राज झाला और राजेश लोधी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

चोरी हुए 173 आईफोन में से 125 बरामद हो चुके हैं, जबकि शेष 48 आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की तलाश जारी है। पुलिस देश के अन्य राज्यों में हुई इसी तरह की चोरी की घटनाओं से भी आरोपियों के संभावित संबंधों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *