समाचार

IndiGo Flight:-इंडिगो फ्लाइट में यात्रियों की सांसें अटकी! 25 मिनट तक बंद रहे AC और लाइट, गर्मी से बेहाल हुए लोग

IndiGo Flight:-वडोदरा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E-657 में टेकऑफ से पहले तकनीकी खराबी, अंधेरे और घुटन में फंसे रहे करीब 160 यात्री

IndiGo Flight:-वडोदरा से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-657 में रविवार रात बड़ा तकनीकी संकट देखने को मिला। टेकऑफ से ठीक पहले विमान का Ground Power Unit (GPU) अचानक खराब हो गया, जिससे विमान की पूरी बिजली सप्लाई बंद हो गई। इसके बाद विमान के अंदर AC, केबिन लाइट और वेंटिलेशन सिस्टम पूरी तरह ठप पड़ गए।

बताया जा रहा है कि उस समय विमान में करीब 160 यात्री सवार थे। रात करीब 8:50 बजे से 9:15 बजे तक यात्रियों को भीषण गर्मी और घुटन भरे माहौल में बैठना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्री फाइल, अखबार और कागज से खुद को हवा करते नजर आए। कई यात्री अंधेरे में परेशान दिखे, जबकि बच्चों और बुजुर्गों की हालत भी खराब हो गई।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, Ground Power Unit विमान को जमीन पर खड़े रहने के दौरान बिजली सप्लाई करता है। इसी सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से पूरा विमान अंधेरे में डूब गया। बाद में इंजीनियरों ने मरम्मत कर बिजली सप्लाई बहाल की, जिसके बाद फ्लाइट को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। हालांकि इस घटना की वजह से उड़ान में करीब एक घंटे की देरी भी हुई।

इस घटना के बाद एयरलाइंस की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। भीषण गर्मी के बीच विमान के अंदर इतने लंबे समय तक यात्रियों को बिना AC और वेंटिलेशन के बैठाना कई लोगों ने लापरवाही बताया है। सोशल मीडिया पर भी लोग एयरलाइंस की तैयारियों और आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *