Crime News:-दुबई से सीधे रायपुर कोर्ट पहुंचा आरोपी, 22 साल पुराने रेलवे टिकट दलाली मामले में हुआ सरेंडर

Crime News:-रायपुर। रेलवे टिकट दलाली के 22 साल पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी ने आखिरकार रायपुर स्थित विशेष रेलवे न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी पिछले करीब 15 वर्षों से दुबई में ड्राइवर की नौकरी कर रहा था और वर्ष 2012 से उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट (Permanent Non-Bailable Warrant) जारी था।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अनुसार वर्ष 2004 में दुर्ग आरपीएफ पोस्ट में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत अवैध रेलवे टिकट दलाली का मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी तिजेंदर सिंह उर्फ टिंकू (46) निवासी लक्ष्मी नगर, सुपेला के खिलाफ विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर ने 18 अप्रैल 2012 को स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी किया था। लंबे समय तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिलने से मामला लंबित बना हुआ था।
READ MORE:- मीडिया की धमकी देकर ₹65 हजार की वसूली? बालोद में BJP नेता पर FIR, रंगदारी के गंभीर आरोप
आरपीएफ ने वारंट के आधार पर जब आरोपी के पुराने पते पर जांच की तो पता चला कि वह कई वर्षों पहले पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित अपने पैतृक गांव चला गया था। जांच आगे बढ़ाते हुए आरपीएफ की टीम बटाला पहुंची, जहां आरोपी के परिवार से पूछताछ की गई। परिवार ने बताया कि तिजेंदर सिंह पिछले लगभग 15 वर्षों से दुबई में ड्राइवर के रूप में कार्यरत है।
Crime News:-इसके बाद आरपीएफ ने आरोपी के परिजनों को न्यायालय का वारंट और नोटिस सौंपा तथा लगातार संपर्क बनाए रखा। अधिकारियों ने परिवार और आरोपी को अदालत में उपस्थित होकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए समझाया। लगातार प्रयासों के बाद आरोपी दुबई से भारत लौटा और शुक्रवार को अपने अधिवक्ता के साथ विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर में पेश हुआ।
अदालत में आरोपी ने स्वीकार किया कि वारंट और नोटिस में दर्ज नाम एवं पता उसी का है। साथ ही उसने अपने खिलाफ दर्ज रेलवे टिकट दलाली के मामले को भी स्वीकार कर लिया। इसके बाद न्यायालय ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
