बालोद

CG News:-मीडिया की धमकी देकर ₹65 हजार की वसूली? बालोद में BJP नेता पर FIR, रंगदारी के गंभीर आरोप

CG News:-बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में कथित रंगदारी और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पुलिस ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला सह सोशल मीडिया प्रभारी अनिकेत देशलहरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता भगवती ठाकुर, निवासी वार्ड क्रमांक-13 घोड़ा मंदिर, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। इसी कारण उन्होंने निजी उपयोग के लिए ऋण लेकर 18 मई 2026 की रात अपने घर पर बोरवेल खुदवाने का कार्य शुरू कराया था।

CG News:-महिला का आरोप है कि इसी दौरान अनिकेत देशलहरे उनके घर पहुंचे और बिना अनुमति बोरवेल खुदवाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की धमकी दी। शिकायत के अनुसार आरोपी ने खुद को मीडिया से जुड़ा बताते हुए कहा कि वह इस मामले को अखबार और अन्य मीडिया माध्यमों में प्रकाशित कराएगा तथा ऐसा नहीं करने के बदले ₹1 लाख की मांग की।

आरोप है कि आरोपी ने बोर मशीन एजेंट शत्रुघ्न यादव को भी डराया-धमकाया और मशीन की चाबी तथा दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। शिकायत के मुताबिक दबाव में एजेंट ने मौके पर ₹40 हजार नकद दिए।

महिला ने आगे आरोप लगाया कि अगले दिन 19 मई 2026 को आरोपी फिर उनके घर पहुंचा और खबर प्रकाशित कराने की धमकी देकर उनसे ₹25 हजार और ले लिए। इस तरह कुल ₹65 हजार की कथित वसूली की गई।

पीड़िता का कहना है कि उनके पास घटना से जुड़े गवाह और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। डर के कारण उन्होंने तत्काल शिकायत नहीं की। बाद में मोहल्ले में आरोपी से जुड़ी एक अन्य कथित मारपीट की घटना के बाद लोगों के थाने पहुंचने पर उन्होंने भी हिम्मत जुटाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आवेदन और उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण करने के बाद प्रथम दृष्टया मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *