CG News:-15 अक्टूबर तक सुधरेंगी बारिश से खराब सड़कें, डिप्टी CM अरुण साव ने PWD अफसरों को दिया अल्टीमेटम

CG News:-रायपुर। बारिश के बाद प्रदेशभर में खराब हुई सड़कों और पुलों को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों समेत सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा।

बैठक में प्रदेश के सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता, मंडलों के अधीक्षण अभियंता और संभागों के कार्यपालन अभियंता शामिल हुए। अधिकारियों से सड़कों और पुलों की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेने के बाद साव ने बारिश में सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई और मरम्मत के लिए पुख्ता कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
CG News:-2-3 दिन में फील्ड पर उतरेंगे अधिकारी
उप मुख्यमंत्री ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अगले दो से तीन दिनों में अपने-अपने क्षेत्र का दौरा कर सड़कों और पुलों की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को सप्ताह में दो से तीन दिन फील्ड में रहने को कहा गया है।

सड़कों और पुलों की मरम्मत के साथ-साथ डिवाइडरों की सफाई, रंगाई-पुताई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार मरम्मत और संधारण के लिए संभागों को राशि उपलब्ध कराने तथा तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने को कहा गया है।
CG News:-टेंडर हो चुके काम 15 अक्टूबर से होंगे शुरू
बैठक में उन नए निर्माण कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए गए, जिन्हें प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है और जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ऐसे सभी कार्य 15 अक्टूबर से पूरी गति के साथ शुरू करने को कहा गया है।
निर्माण के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए सुरक्षा मानकों का पालन, जरूरत के मुताबिक डायवर्टेड रूट और पर्याप्त साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
CG News:-ठेकेदारों की जिम्मेदारी भी तय
परफॉर्मेंस गारंटी के तहत आने वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण का काम संबंधित ठेकेदारों से तत्काल कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
CG News:-कार्यालयों में भी चलेगा सफाई अभियान
बैठक में PWD के कार्यालयों को लेकर भी निर्देश दिए गए। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विभागीय कार्यालयों को गंदगी, कबाड़ और कूड़े-कचरे से मुक्त रखने तथा कार्यालयीन परिसरों और भवनों के बेहतर रखरखाव पर जोर दिया गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में जुड़े।

