CG News:-अब कोई गांव नहीं रहेगा सड़क से दूर! छत्तीसगढ़ में PMGSY का बड़ा प्लान, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

CG News:-छत्तीसगढ़ में ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधाएं देने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की राज्य स्तरीय स्थायी समिति की 28वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सड़क निर्माण कार्य से पहले विस्तृत सर्वे किया जाए और भूमि अधिग्रहण तथा वन विभाग की अनुमति जैसी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पहले ही पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

READ MORE:- स्कूल खुलते ही गर्मी ने दिखाई ताकत! प्रार्थना सभा में बेहोश हुआ छात्र, अभिभावकों ने उठाए सवाल
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
सबसे महत्वपूर्ण फैसला पीएमजीएसवाई फेस-4 को लेकर लिया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को राज्य की उन सभी बसाहटों की पहचान करने के निर्देश दिए जहां अब तक पक्की सड़क नहीं पहुंची है। इन क्षेत्रों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि पीएमजीएसवाई के पहले तीन चरणों के तहत अब तक राज्य में 8,358 सड़कें और लगभग 447 पुल-पुलियों का निर्माण किया जा चुका है। वहीं बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के सहयोग से वर्ष 2025-26 के दौरान 52 अधूरी सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। इसके अलावा फेस-3 के तहत 31 बड़े पुल भी बनकर तैयार हो चुके हैं।
CG News:-पीएम जनमन योजना के तहत भी राज्य ने बेहतर प्रदर्शन किया है। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 1,372 किलोमीटर के लक्ष्य के मुकाबले 1,517 किलोमीटर सड़कों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) की 872 बसाहटों के लिए स्वीकृत 807 सड़कों में से 366 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 429 सड़कों पर तेजी से काम जारी है।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, गृह विभाग, वन विभाग, परिवहन, लोक निर्माण, वित्त विभाग तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
