छत्तीसगढ़

CG News:-छत्तीसगढ़ में मेडिकल क्रांति! एक साथ खुलेंगे 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज, 250 MBBS सीटों का बड़ा तोहफा

CG News:-छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य में 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों वाले मेडिकल कॉलेज शुरू होंगे। इससे प्रदेश में एक साथ 250 नई MBBS सीटें जुड़ जाएंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा मजबूत स्वास्थ्य तंत्र विकसित करना है, जहां प्रदेश के युवाओं को डॉक्टर बनने के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े और लोगों को बेहतर इलाज अपने ही जिले या आसपास उपलब्ध हो सके।

CG News:-मुख्यमंत्री ने कहा कि गीदम और कुनकुरी जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज खुलना इस बात का प्रमाण है कि सरकार विकास को प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इन संस्थानों से स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नए मेडिकल कॉलेज केवल शिक्षा के केंद्र नहीं होंगे, बल्कि चिकित्सा अनुसंधान, विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय रोजगार के भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। इससे छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और युवाओं के डॉक्टर बनने का सपना साकार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *