Telangana Politics:-‘BRS नेताओं का खून खेतों में बहा दो…’ CM रेवंत रेड्डी के बयान से मचा सियासी तूफान, KTR बोले- ‘खून का प्यासा राक्षस‘

Telangana Politics:-तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के एक विवादित बयान ने राज्य की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। सिंचाई संकट को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने भारत राष्ट्र समिति (BRS) के नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए ऐसी टिप्पणी कर दी, जिस पर विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है। BRS ने मुख्यमंत्री पर भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए उनसे माफी की मांग की है।
दरअसल, एक पत्रकार ने मुख्यमंत्री से पूछा था कि यदि सूखे जैसी स्थिति बनी रही और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिला तो सरकार क्या करेगी। इस पर जवाब देते हुए रेवंत रेड्डी ने BRS नेताओं के खिलाफ विवादित टिप्पणी कर दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि BRS नेताओं के पापों की वजह से राज्य की यह स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि यदि उनके खून से खेत सींच दिए जाएं तो किसानों की फसल उग जाएगी। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR), केटी रामा राव (KTR) और हरीश राव पर भी तीखा निशाना साधा और उन्हें लेकर कई आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
READ MORE:- छत्तीसगढ़ में मेडिकल क्रांति! एक साथ खुलेंगे 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज, 250 MBBS सीटों का बड़ा तोहफा
Telangana Politics:-कालेश्वरम परियोजना को लेकर बढ़ा विवाद
यह पूरा विवाद कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना से पानी छोड़े जाने को लेकर चल रहा है। BRS का आरोप है कि सरकार के पास पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को सिंचाई का पानी नहीं दिया जा रहा है। वहीं कांग्रेस सरकार का कहना है कि नेशनल डैम सेफ्टी अथॉरिटी (NDSA) की सुरक्षा संबंधी सिफारिशों के अनुसार ही परियोजना का संचालन किया जा रहा है और फिलहाल बैराजों में पानी रोकना सुरक्षित नहीं है।
Telangana Politics:-BRS ने मांगी माफी
मुख्यमंत्री के बयान पर BRS विधायक टी. हरीश राव ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने केवल किसानों के लिए पानी की मांग की थी, लेकिन मुख्यमंत्री खून बहाने जैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की भाषा शोभा देती है। हरीश राव ने बिना शर्त माफी की मांग करते हुए कहा कि यदि किसानों के लिए खून देना पड़े तो वह इसके लिए भी तैयार हैं।
Telangana Politics:-KTR ने कहा- ‘खून का प्यासा राक्षस’
BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए उन्हें “खून का प्यासा राक्षस” बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसानों के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार है, लेकिन सरकार पहले किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाए। KTR ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार किसानों की समस्याएं सुलझाने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद तेलंगाना की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष लगातार रेवंत रेड्डी से सार्वजनिक माफी की मांग कर रहा है, जबकि कांग्रेस सरकार सिंचाई परियोजना को लेकर अपने फैसले का बचाव कर रही है।
