छत्तीसगढ़

CG News:-25 हजार वोल्ट से सिर्फ कुछ इंच दूर मौत! मालगाड़ी पर चढ़े युवक ने पकड़नी चाही हाई-टेंशन तार, GRP-RPF ने ऐसे बचाई जान

CG News:-पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी की छत पर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन को पकड़ने की कोशिश करने लगा। स्थिति बेहद गंभीर थी, लेकिन रेलवे स्टाफ, GRP और RPF की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

CG News:-समय रहते बंद कराई गई बिजली सप्लाई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन स्टाफ ने जैसे ही युवक को मालगाड़ी के ऊपर देखा, तुरंत रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। खतरे को देखते हुए मेन ट्रैक की बिजली सप्लाई (पावर ब्लॉक) बंद कराई गई। यदि ऐसा नहीं किया जाता, तो युवक हाई-वोल्टेज लाइन की चपेट में आ सकता था और उसकी जान जा सकती थी।

CG News:-तार पकड़ने की जिद पर अड़ा रहा युवक

सूचना मिलते ही GRP और RPF की टीम मौके पर पहुंची। युवक बार-बार हाई-टेंशन तार पकड़ने की कोशिश कर रहा था और आत्मघाती कदम उठाने की बात कह रहा था। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना, तो जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मालगाड़ी पर चढ़ाई की। उसे सुरक्षित बचाने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा, जिसके बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया।

CG News:-मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया युवक

पूछताछ में पता चला कि युवक गौरेला के तरईगांव का रहने वाला है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। वह घर से निकलकर रेलवे स्टेशन पहुंच गया था। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद RPF ने उसके परिजनों से संपर्क किया। स्टेशन पहुंचे परिजनों को युवक की मानसिक स्थिति को देखते हुए समझाइश देकर उनके सुपुर्द कर दिया गया।

रेलवे प्रशासन ने समय पर बिजली सप्लाई बंद कराने और सुरक्षा बलों की तत्परता को बड़ी दुर्घटना टालने में अहम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *