CG News:-हड़ताल से एक दिन पहले JDA का बड़ा फैसला: 7 दिन टली अनिश्चितकालीन हड़ताल, स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत के बाद आंदोलन स्थगित

CG News:-रायपुर। छत्तीसगढ़ में जूनियर डॉक्टरों की प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल टल गई है। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) के प्रतिनिधिमंडल की स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ हुई बातचीत के बाद संगठन ने 21 सितंबर 2026 से प्रस्तावित हड़ताल को 7 दिनों के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है।
JDA के मुताबिक, बैठक में डॉक्टरों और जूनियर डॉक्टरों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन की ओर से लंबे समय से उठाई जा रही मांगों पर स्वास्थ्य मंत्री ने समाधान की दिशा में कार्रवाई के लिए 7 दिन का समय मांगा। इसके बाद JDA ने सरकार को यह समय देने का निर्णय लिया।
READ MORE:- एक फंदा, दो जिंदगियां खत्म… कोरबा में पेड़ पर लटके मिले युवक-युवती के शव
CG News:-21 सितंबर से नहीं होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल
JDA की जनरल बॉडी मीटिंग में सामूहिक निर्णय के बाद 21 सितंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल आगे बढ़ा दिया गया है। यानी तत्काल प्रभाव से डॉक्टर अपनी नियमित चिकित्सा सेवाएं और ड्यूटी जारी रखेंगे।
यह फैसला ऐसे समय हुआ है, जब JDA ने पहले 17 सूत्रीय मांगों को लेकर 21 सितंबर से चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की थी। इन मांगों में MBBS इंटर्न के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी, PG और सीनियर रेजिडेंट के वेतन-मानदेय में संशोधन, बॉन्ड से जुड़े मुद्दों और अन्य लंबित सेवा संबंधी मामलों के समाधान की मांग शामिल बताई गई थी।
CG News:-7 दिन तक जारी रहेंगे शांतिपूर्ण विरोध कार्यक्रम
हड़ताल स्थगित करने के बावजूद JDA ने आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं किया है। संगठन के अनुसार, इस दौरान डॉक्टर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठाते रहेंगे।
इसके तहत Black Ribbon Protest, Candle March, रैली और शांतिपूर्ण प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। वहीं, डॉक्टर नियमित चिकित्सा सेवाओं और अपनी ड्यूटी जारी रखेंगे।
CG News:-7 दिन बाद फिर तय होगी रणनीति
JDA ने कहा है कि स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के अनुरूप अगले 7 दिनों में मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई की उम्मीद है। इस अवधि में सरकार की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, उसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
यदि निर्धारित समय में मांगों का अपेक्षित निराकरण नहीं होता है, तो JDA की जनरल बॉडी बैठक कर आंदोलन को लेकर सामूहिक फैसला लेगी। संगठन ने संकेत दिया है कि जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल समेत अन्य लोकतांत्रिक आंदोलनात्मक कदम फिर उठाए जा सकते हैं।
फिलहाल, स्वास्थ्य मंत्री से हुई बातचीत के बाद 21 सितंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल टल गई है और अगले 7 दिन सरकार तथा JDA के बीच समाधान की दिशा में अहम माने जा रहे हैं।
