CG News:-सिमगा की दो राइस मिलों में खाद्य विभाग की दबिश, जांच में सामने आई बड़ी अनियमितता

CG News:- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में अनियमितताओं को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने सिमगा विकासखंड की दो राइस मिलों में छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान करीब 6.83 करोड़ रुपये मूल्य के 28,871 क्विंटल से अधिक धान की कमी पाई गई। इस मामले में दोनों राइस मिल संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
READ MORE:- दुर्ग में कांग्रेस का चुनावी मंथन, आखिर दीपक बैज को मंच से क्यों देनी पड़ी नसीहत?
CG News:-सरकारी रिकॉर्ड और भौतिक सत्यापन में मिला बड़ा अंतर
जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा के मुताबिक, खाद्य विभाग की टीम ने ग्राम मोहरा स्थित श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज और सलूजा इंडस्ट्रीज में धान एवं चावल के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया।
- श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज: 19,351.80 क्विंटल धान की कमी, जिसकी कीमत करीब 4.58 करोड़ रुपये है।
- सलूजा इंडस्ट्रीज: 9,519.44 क्विंटल धान की कमी, जिसकी कीमत करीब 2.25 करोड़ रुपये है।
CG News:-हजारों क्विंटल चावल जमा करना बाकी
जांच में पता चला कि श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 14,324.59 क्विंटल चावल जमा करना बाकी है। हालांकि, मिल परिसर में केवल 190.50 क्विंटल चावल और 1,541.60 क्विंटल धान उपलब्ध मिला।

वहीं, सलूजा इंडस्ट्रीज को 6,459.77 क्विंटल चावल जमा करना शेष है, जबकि जांच के दौरान वहां महज 3.60 क्विंटल धान और 12 क्विंटल चावल पाया गया।
CG News:-दस्तावेज नहीं दिखा पाए मिल संचालक
खाद्य विभाग के अनुसार, श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज के संचालक राहुल अग्रवाल और सलूजा इंडस्ट्रीज के संचालक दारा सिंह सलूजा धान की कमी के संबंध में कोई दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग का कहना है कि कई बार निर्देश देने के बावजूद मिल संचालकों ने बकाया चावल जमा नहीं किया था।
दोनों संचालकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
CG News:-कोचियों और बिचौलियों पर भी प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन धान खरीदी, भंडारण और कस्टम मिलिंग व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर राइस मिलों के साथ कोचियों और बिचौलियों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी लक्ष्मण कश्यप, खाद्य निरीक्षक कमल नारायण साहू और शीतलेश यादव शामिल रहे।
