CG News:-महतारी वंदन योजना में आखिर ये कैसा खेल? सरकारी नोटिस ने बढ़ाई महिलाओं की परेशानी

CG News:-छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना में प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। बालोद जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग ने कई महिलाओं को अपात्र घोषित करते हुए योजना के तहत मिली राशि वापस लौटाने का नोटिस जारी किया है। हैरानी की बात यह है कि विभाग ने एक जीवित महिला को सरकारी दस्तावेजों में मृत बता दिया है। वहीं, एक अन्य महिला को उसकी विवाहित बेटी की सरकारी नौकरी के आधार पर अपात्र घोषित किया गया है।
READ MORE:- मरवाही में वन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल, आखिर खोडरी रेंज में ऐसा क्या हुआ?
CG News:-जिंदा होने का सबूत देने सरकारी दफ्तरों के चक्कर
भेड़िया नवागांव निवासी मितानिन कार्यकर्ता उमा कोमिया को महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। इसमें उन्हें मृत हितग्राही बताते हुए योजना के तहत मिली 14 हजार रुपये की राशि वापस करने को कहा गया है।
उमा के मुताबिक, उनके पति जनपद कार्यालय में सचिव थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से लकवाग्रस्त हैं। ऐसे में योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता परिवार के लिए बड़ा सहारा थी। अब सरकारी रिकॉर्ड में मृत बताए जाने के बाद उन्हें खुद के जीवित होने का प्रमाण देने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

CG News:-बेटी की सरकारी नौकरी बनी मां के लिए परेशानी
राजेश्वरी बाई नाम की एक अन्य महिला को भी विभाग ने रिकवरी नोटिस जारी किया है। उनकी बेटी सरकारी नौकरी में है, जिसके आधार पर उन्हें योजना के लिए अपात्र बताया गया है।
राजेश्वरी का कहना है कि उनकी बेटी की शादी हो चुकी है और वह अपने ससुराल में रहती है। ऐसे में बेटी की नौकरी के आधार पर उन्हें योजना के लाभ से वंचित करना उचित नहीं है। प्रभावित महिलाओं का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे एकमुश्त 14 हजार रुपये वापस कर सकें।
CG News:-पांच हजार हितग्राहियों को नोटिस, 72 लाख की वसूली की तैयारी
जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के मुताबिक, बालोद जिले में करीब पांच हजार अपात्र और संदिग्ध हितग्राहियों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने लगभग 72 लाख रुपये की राशि की वसूली के लिए नोटिस भेजे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि पात्रता संबंधी दस्तावेजों और हितग्राहियों की जानकारी की समीक्षा की जा रही है। कुछ मामलों में हितग्राहियों की मृत्यु होने की संभावना भी जताई गई है।

CG News:-अधिकारियों ने दिए जांच के संकेत
जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा ने कहा कि जीवित महिला को मृत बताने का मामला बालोद परियोजना से जुड़ा है। किन परिस्थितियों में नोटिस जारी किया गया और कहां गलती हुई, इसकी जानकारी मंगाकर जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले ने हितग्राहियों के सत्यापन और सरकारी रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग जांच के बाद प्रभावित महिलाओं को कब तक राहत देता है।
CG News:-महिला सशक्तिकरण के लिए शुरू हुई थी योजना
महतारी वंदन योजना की शुरुआत मार्च 2024 में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई थी। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। अब बालोद में सामने आए मामलों ने योजना की सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
