CG News:-छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर पुलिस ने रोकी सफेद कार, छह बैग की तलाशी में हुआ बड़ा खुलासा

CG News:- छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर पुलिस ने एक कार से 52 किलो 528 ग्राम चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां, छह सिल्लियां और 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कार समेत एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली है।
READ MORE:- किरंदुल में 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित, डिपॉजिट-14 में आखिर कैसे हुआ भूस्खलन? NMDC ने रखा अपना पक्ष
CG News:-छह काले बैग में रखी थी चांदी
महासमुंद जिला पुलिस द्वारा अवैध तस्करी और संदिग्ध संपत्ति के परिवहन पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 26 नवंबर को बसना पुलिस की टीम ने पलसापाली नाका पर एक सफेद रंग की कार को रोककर तलाशी ली।

कार की डिक्की और सीट पर छह काले रंग के बैग रखे हुए थे। इन बैगों में पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, करधन समेत चांदी के कई आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और सिल्लियां मिलीं। इसके अलावा लाखों रुपये नकद भी बरामद हुए।
CG News:-दस्तावेज नहीं दिखा सके कार सवार
कार में रायपुर जिले के गोबरानवापारा निवासी उमेश कंसारी (45 वर्ष) और गरियाबंद जिले के बेलटूकरी निवासी रोशन कुमार साहू (40 वर्ष) सवार थे।
पुलिस ने दोनों से चांदी के स्वामित्व, खरीद-बिक्री के GST बिल, ई-वे बिल और परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे। हालांकि, दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत जब्ती की कार्रवाई की।

CG News:-एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
- चांदी के आभूषण एवं अन्य सामग्री – 52 किलो 528 ग्राम
- चांदी की अनुमानित कीमत – 90 लाख रुपये
- नकद राशि – 3,39,800 रुपये
- जब्त कार की अनुमानित कीमत – 10 लाख रुपये
- कुल जब्त संपत्ति – 1,03,39,800 रुपये
CG News:-GST विभाग को भेजी गई सूचना
पुलिस ने BNSS की धारा 94 के तहत संबंधित व्यक्तियों को नोटिस भी दिया है। दोनों ने लिखित रूप से दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी है। पुलिस ने मामले की सूचना छत्तीसगढ़ के GST आयुक्त को भेज दी है।
फिलहाल पुलिस बरामद चांदी और नकदी के स्रोत की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह संपत्ति कहां से लाई गई थी और इसके परिवहन में किन नियमों का उल्लंघन हुआ है।
