CG News:-किरंदुल में 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित, डिपॉजिट-14 में आखिर कैसे हुआ भूस्खलन? NMDC ने रखा अपना पक्ष

CG News:- छत्तीसगढ़ के किरंदुल स्थित NMDC की डिपॉजिट-14 खदान में हुए भूस्खलन को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना में करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र प्रभावित होने के शुरुआती आकलन के बाद NMDC ने अपना पक्ष सामने रखा है। कंपनी का दावा है कि भूस्खलन की वजह प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल है, जिसकी शुरुआत खनन पट्टा क्षेत्र से करीब दो किलोमीटर दूर हुई थी। वहीं, वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध दर्ज किया है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए IIT बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
READ MORE:- रायपुर में ज्वेलरी दुकान को बनाया निशाना, CCTV फुटेज से खुली साजिश की परतें
CG News:-खनन क्षेत्र से दो किलोमीटर दूर हुई थी हलचल : NMDC
NMDC के मुताबिक, 18 नवंबर को बैलाडीला की पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल शुरू हुई थी। इसका असर पहले लोहागांव की ओर जाने वाली निर्माणाधीन सड़क पर दिखाई दिया। बाद में जमीन खिसकने से खदान के पुराने वेस्ट डंप का एक हिस्सा ढह गया।
कंपनी का कहना है कि जिस स्थान से भूगर्भीय हलचल शुरू हुई, वह उसके खनन पट्टा क्षेत्र और नियमित निगरानी के दायरे से बाहर है। हालांकि, कंपनी के इस दावे की पुष्टि वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
CG News:-तीन किलोमीटर तक पहुंचा मलबा, जलस्रोत भी प्रभावित
वन विभाग के शुरुआती आकलन के मुताबिक, कंपार्टमेंट नंबर 673 के करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र में भूस्खलन का असर पड़ा है। लगभग ढाई से तीन किलोमीटर लंबा प्राकृतिक नाला भी मलबे की चपेट में आया है।
वहीं, NMDC का दावा है कि खनन से निकला अपशिष्ट मलबा केवल 200 से 250 मीटर तक फैला है, जबकि प्राकृतिक मिट्टी और बजरी करीब दो से तीन किलोमीटर तक पहुंची है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लोहागांव, गमपुर और एंडरी के ग्रामीणों के सामने पेयजल और आवाजाही की समस्या भी खड़ी हो गई है।
जनवरी की रिपोर्ट में सुरक्षित बताया गया था वेस्ट डंप
कंपनी के मुताबिक, डिपॉजिट-14 का वेस्ट डंप करीब 20 वर्षों से मौजूद था। इसकी सुरक्षा के लिए जल निकासी की व्यवस्था, सुरक्षा दीवार और पौधरोपण जैसे उपाय किए गए थे।
NMDC ने केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (CIMFR) की जनवरी 2026 की रिपोर्ट का भी हवाला दिया है। कंपनी के अनुसार, इस रिपोर्ट में वेस्ट डंप को स्थिर और सुरक्षित बताया गया था। नियमित निगरानी के दौरान भी जमीन में कोई बड़ी हलचल दर्ज नहीं हुई थी।
CG News:-IIT बॉम्बे के विशेषज्ञ तलाशेंगे असली वजह
भूस्खलन के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए IIT बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। प्रभावित इलाके का ड्रोन सर्वे करने के साथ जमीन और चट्टानों की अंदरूनी संरचना की जांच की जा रही है।
वैज्ञानिक यह भी पता लगाएंगे कि भूमिगत जल और जमीन की बनावट का इस घटना में कितना योगदान रहा है। सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
CG News:-प्रभावित जंगल की बहाली में सहयोग करेगा NMDC
NMDC ने प्रभावित वन क्षेत्र की पर्यावरणीय स्थिति सुधारने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और वन विभाग के साथ मिलकर काम करने की बात कही है। कंपनी जरूरत के अनुसार तकनीकी सहायता और संसाधन उपलब्ध कराएगी।
इसके अलावा ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक रास्तों और मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था करने की जानकारी भी कंपनी ने दी है। NMDC के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
CG News:-वन अपराध दर्ज, कांग्रेस ने भी उठाए सवाल
बस्तर के मुख्य वन संरक्षक स्टाइलो मंडावी के मुताबिक, वन विभाग ने मामले में वन अपराध दर्ज किया है। मलबा स्थिर होने के बाद पेड़-पौधों और प्राकृतिक वनस्पति को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।
वहीं, कांग्रेस ने सात सदस्यीय जांच दल के माध्यम से घटना और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग उठाई है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि भूस्खलन प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल का परिणाम था या खनन अपशिष्ट के प्रबंधन में कोई कमी रही। वैज्ञानिक जांच की अंतिम रिपोर्ट से ही घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी का पता चल सकेगा।
