छत्तीसगढ़

Road Accident:-दशगात्र से लौट रही महिलाओं की ऑटो को पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर, 3 की मौत; 6 घायल

Road Accident:-कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे लोगों की ऑटो दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई। पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा के पास पिकअप वाहन और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 महिलाएं घायल बताई जा रही हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Road Accident:-दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी

जानकारी के मुताबिक, ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान सांवारावा के पास सामने से आए पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

Road Accident:-अस्पताल पहुंचते ही 3 महिलाओं ने तोड़ा दम

अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50), रामबाई पति रामकुमार (60) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60) के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं करहीपारा छिंदिया की रहने वाली थीं।

वहीं हादसे में घायल छह महिलाओं का अस्पताल में इलाज जारी है।

Road Accident:-हादसे के बाद पिकअप चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस फरार चालक और पिकअप की तलाश में जुटी है।

पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे की खबर के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *