BREAKING

Colombia Earthquake:-कोलंबिया में धरती का खौफनाक तांडव! 7.4 तीव्रता के भूकंप से 47 की मौत, कई इमारतें जमींदोज; बोगोटा तक महसूस हुए झटके

Colombia Earthquake:-दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार, 10 अगस्त को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। शुरुआती घंटों में 20 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद की रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़कर कम से कम 47 हो गई है। कई लोग घायल बताए जा रहे हैं और कुछ इलाकों में इमारतों के ढहने के बाद लोगों के फंसे होने की भी सूचना है। राहत एवं बचाव अभियान अभी जारी है।

भूकंप का केंद्र चोको क्षेत्र के सैन होसे डेल पाल्मर के पास बताया गया है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 7.4 थी और इसका केंद्र जमीन के भीतर करीब 107 किलोमीटर की गहराई में था। यह इलाका राजधानी बोगोटा से लगभग 400 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।

Colombia Earthquake:-बोगोटा से पड़ोसी देशों तक महसूस हुए झटके

तेज भूकंप के झटके कोलंबिया के कई शहरों में महसूस किए गए। बोगोटा, कैली, पेरेरा और मनीजालेस समेत कई इलाकों में लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। पड़ोसी देशों इक्वाडोर और वेनेजुएला में भी झटके महसूस किए जाने की रिपोर्ट है।

कई शहरों में भारी नुकसान

भूकंप से पश्चिमी कोलंबिया के कई हिस्सों में इमारतों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। पेरेरा में 18 लोगों की मौत की रिपोर्ट है, जबकि मनीजालेस में दो मौतें दर्ज की गई हैं। वैले डेल काउका क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। कैली में कई इमारतों के ढहने की सूचना मिली है।

भूकंप के कारण कुछ क्षेत्रीय हवाई अड्डों पर भी उड़ानें अस्थायी रूप से रोकी गईं, ताकि रनवे और टर्मिनल समेत अन्य संरचनाओं की सुरक्षा जांच की जा सके।

Colombia Earthquake:-आफ्टरशॉक्स का खतरा

मुख्य भूकंप के बाद आफ्टरशॉक्स भी दर्ज किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों को क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और अधिकारियों की सुरक्षा संबंधी सलाह का पालन करने को कहा है। राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का आकलन और बचाव कार्य कर रहे हैं।

कोलंबिया के अधिकारियों के मुताबिक स्थिति लगातार मॉनिटर की जा रही है और मृतकों व नुकसान का आंकड़ा राहत-बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ बदल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *