Chhattisgarh News:-सावन में सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाया बवाल, आराध्य देवताओं पर टिप्पणी के आरोप से गरमाया रायपुर… थाने पहुंचे BJP नेता, घर के बाहर बजरंग दल का प्रदर्शन

Chhattisgarh News:-रायपुर में सावन के पवित्र महीने के बीच सोशल मीडिया पर आराध्य देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। मामले को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। भाजपा के नेता और पदाधिकारी देर रात सिविल लाइन थाने पहुंचे और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट व टिप्पणियों की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर हंसराज गोयल की ओर से आराध्य देवताओं को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट किया गया। आरोप यह भी है कि इसी पोस्ट पर अरुण पन्नालाल की ओर से कथित रूप से अभद्र टिप्पणी की गई। भाजपा नेताओं ने दोनों मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
READ MORE:- रायगढ़ में विकास को मिल रही नई रफ्तार, हर क्षेत्र में मजबूत हो रही सुविधाओं की नींव: वित्त मंत्री ओपी चौधरी
मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश देखा गया। कार्यकर्ताओं ने कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले अरुण पन्नालाल के घर के बाहर प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।
Chhattisgarh News:-भाजपा प्रवक्ता अमित चिमननी ने कहा कि सावन का महीना हिंदू समाज के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। ऐसे समय में आराध्य देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि टिप्पणी की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेता देर रात पुलिस थाने पहुंचे और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेताओं ने पुलिस से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और उस पर मौजूद टिप्पणियों की तकनीकी जांच कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पोस्ट और टिप्पणी किस अकाउंट से की गई और उसके पीछे संबंधित व्यक्ति की भूमिका क्या है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की सत्यता और संबंधित लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मामले को लेकर इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
