क्राइम

Murder Case:-बाल संप्रेक्षण गृह में मर्डर से सनसनी! चौकीदार के हाथ-पैर बांधकर की हत्या, 4 नाबालिग फरार, परिजनों ने अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

Murder Case:-बिलासपुर। जिले के बाल संप्रेक्षण गृह में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर तैनात चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान तखतपुर के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में चार नाबालिगों पर हत्या के बाद फरार होने का संदेह जताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आरोप है कि चारों नाबालिगों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए, गला दबाकर हत्या कर दी और मुंह में गमछा ठूंसकर मौके से फरार हो गए। नरेंद्र कुमार खांडे पिछले एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे।

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Murder Case:-इधर, मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि नरेंद्र कुमार खांडे को नियमित साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जाता था। उन्होंने बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हत्या में उनकी संलिप्तता का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल, फरार चारों नाबालिगों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *