UP News:-एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचने का आरोप! जनता दर्शन में गरजे CM योगी, बोले- अपराधियों और भू-माफियाओं की यूपी में नहीं चलेगी मनमानी

UP News:-लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों, भू-माफियाओं और जनता को परेशान करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनता दर्शन में अवैध कब्जे, धमकी और जमीन विवाद से जुड़े कई मामले सामने आए। फरियादियों ने आरोप लगाया कि दबंग तत्व उनकी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और विरोध करने पर धमका रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना सरकार की प्राथमिकता है।

UP News:-इस दौरान गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा से जुड़े एक बिल्डर के खिलाफ भी गंभीर शिकायत सामने आई। पीड़ितों का आरोप था कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट की रजिस्ट्री कई लोगों के नाम कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी ने विस्तृत जांच के आदेश दिए और कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित बिल्डर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना और हर पीड़ित को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
