CG News:-छत्तीसगढ़ को मिल सकता है देश का तीसरा बड़ा आयुर्वेद हब! अमित शाह से मिले सीएम साय, AIIA की स्थापना का रखा प्रस्ताव

CG News:- छत्तीसगढ़ को आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और उच्च शिक्षा का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्होंने प्रदेश में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का प्रस्ताव रखा।
बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली और गोवा में संचालित AIIA संस्थान आयुर्वेद चिकित्सा, रिसर्च और नवाचार के क्षेत्र में देशभर में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। यदि ऐसा संस्थान छत्तीसगढ़ में स्थापित होता है तो प्रदेश को स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिलेगा।
CG News:-औषधीय संपदा से भरपूर है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का बड़ा हिस्सा वन क्षेत्रों से आच्छादित है, जहां दुर्लभ औषधीय पौधे और जड़ी-बूटियां प्राकृतिक रूप से उपलब्ध हैं। वहीं, बस्तर समेत जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक चिकित्सा और औषधीय ज्ञान की समृद्ध विरासत भी मौजूद है।
ऐसे में AIIA की स्थापना राज्य को आयुर्वेद अनुसंधान और चिकित्सा के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिला सकती है।
CG News:-युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्थान खुलने से प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा शिक्षा, शोध और प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे। साथ ही आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
CG News:-मध्य भारत को मिलेगा लाभ
प्रस्तावित संस्थान का फायदा सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड और अन्य पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी उन्नत आयुर्वेदिक उपचार और शोध सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
CG News:-बजट 2026 की घोषणा का दिया हवाला
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट 2026 में देश में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने की घोषणा का उल्लेख करते हुए मांग की कि इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को आवंटित किया जाए।
CG News:-केंद्र से मिला सहयोग का भरोसा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी। अमित शाह ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
