छत्तीसगढ़

CG News:-पोस्टर से गायब हुई तस्वीर, मंच से गायब हुए विधायक! योग दिवस कार्यक्रम में मचा बवाल

CG News:-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेमेतरा में आयोजित सरकारी कार्यक्रम उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टर में अपनी तस्वीर नहीं देखकर नाराज हो गए। नाराजगी इतनी बढ़ी कि विधायक कार्यक्रम के दौरान ही मंच छोड़कर चले गए, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति निर्मित हो गई।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के अंतर्गत बेमेतरा, नवागढ़ और साजा तीन विधानसभा क्षेत्र आते हैं। योग दिवस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

CG News:-क्या था पूरा मामला?

कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए प्रचार पोस्टर में बेमेतरा और नवागढ़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें शामिल की गई थीं, लेकिन साजा विधायक ईश्वर साहू की तस्वीर नहीं लगाई गई। इसे लेकर विधायक ने नाराजगी जताई और मंच से उठकर चले गए।

स्थिति बिगड़ती देख प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और विधायक को मनाने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद विधायक दोबारा मंच पर लौटे और कार्यक्रम में शामिल हुए।

CG News:-प्रशासन पर उठे सवाल

इस घटना के बाद प्रशासन की कार्यशैली और प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जब जिले के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति पहले से तय थी, तो प्रचार सामग्री तैयार करते समय इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जैसे महत्वपूर्ण सरकारी आयोजन में हुई इस घटना ने प्रशासन की संवेदनशीलता और समन्वय व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

CG News:-देखें विधायक की नाराजगी का वीडियो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *