Crime News:-कटगोड़ी कांड पर गरमाई सियासत: करणी सेना-शिवसेना की एंट्री, CBI जांच और दोषियों को फांसी की उठी मांग

Crime News:-छत्तीसगढ़ के चर्चित कटगोड़ी हत्याकांड ने अब राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। मामले में करणी सेना और शिवसेना के प्रतिनिधियों ने कोरिया पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों संगठनों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए मामले की CBI जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की।
दोनों संगठनों का कहना है कि घटना बेहद गंभीर और संवेदनशील है, इसलिए इसकी निष्पक्ष तथा गहन जांच जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की भी मांग की।
कटगोड़ी हत्याकांड में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। घटना में भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की दर्दनाक मौत हुई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों का इलाज अभी भी जारी है। पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि कई अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

Crime News:-क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में रेत घाट के ठेके और कथित अवैध खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि देर रात भाजपा नेता भरत सिंह को उनके घर के पास घेर लिया गया। इसके बाद उनकी फॉर्च्यूनर वाहन को आगे-पीछे से भारी वाहनों से रोककर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।
वाहन में सवार लोगों ने किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन बाहर आते ही उनके साथ मारपीट की गई। इस हमले में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए। बाद में इलाज के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनोज त्रिपाठी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
कटगोड़ी हत्याकांड को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। अब करणी सेना और शिवसेना के मैदान में उतरने के बाद मामले को लेकर दबाव और बढ़ गया है। पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है, जबकि प्रशासन और पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है।
