छत्तीसगढ़

Road Accident:-‘CMO’ लिखी कार में आखिर कौन था? दो मौतों के बाद बढ़े सवाल, बर्थडे पार्टी से लौटने की चर्चा ने बढ़ाई हलचल

Road Accident:-मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के बरेला के पास शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ‘CMO’ लिखी एक कार ने कथित रूप से बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में किरण बसूर (39) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंजली बसूर (35) ने बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं विकेश साहू (करीब 36 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों मुंगेली के विनोबा नगर निवासी बताए जा रहे हैं और तखतपुर से मुंगेली लौट रहे थे।

Road Accident:-घटनास्थल से मिली नंबर प्लेट, ‘CMO’ लिखी कार चर्चा में

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। बाद में कार के तखतपुर नगर पालिका के पास क्षतिग्रस्त हालत में खड़े होने की सूचना मिली। घटनास्थल से कार की नंबर प्लेट भी बरामद हुई, जिस पर ‘CMO’ लिखा था। इसके बाद पूरे क्षेत्र में इस कार और उसमें सवार लोगों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

Road Accident:-CMO के कार में होने की चर्चा, लेकिन पुष्टि नहीं

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि हादसे के समय कार में तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) सहित कुछ अन्य लोग सवार थे, जो कथित रूप से मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे। हालांकि इस दावे की किसी भी सरकारी एजेंसी या पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए इसे फिलहाल केवल स्थानीय चर्चा के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

Road Accident:-पुलिस ने कहा- हर पहलू की होगी जांच

जरहागांव थाना प्रभारी शोभा यादव ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कार कौन चला रहा था, उसमें कौन-कौन सवार थे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत विवेचना की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *