CG News:-एक बार फिर भड़का धर्मांतरण विवाद! 2 परिवारों का सामान घर से बाहर, गांव छोड़ने का अल्टीमेटम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

CG News:-नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई है। भरण्डा गांव के बाद अब खड़का गांव में आदिवासी समाज और ईसाई धर्म अपनाने वाले दो परिवारों के बीच विवाद सामने आया है। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धर्मांतरण कर चुके परिवार गांव की पारंपरिक सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में पहले की तरह हिस्सा नहीं ले रहे हैं। इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने दोनों परिवारों का सामान घरों से बाहर निकाल दिया और गांव छोड़ने का दबाव बनाया।

READ MORE:- आधी रात की रेड पर हाईकोर्ट का बड़ा सवाल! अभिषेक बनर्जी के घर पुलिस क्यों पहुंची? CCTV सुरक्षित रखने का आदेश
ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव में रहना है तो सभी परिवारों की तरह सामाजिक कार्यक्रमों में सहयोग करना होगा, चंदा देना होगा और आदिवासी देवी-देवताओं व पारंपरिक रीति-रिवाजों का सम्मान करना होगा।
वहीं, प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे सामाजिक कार्यक्रमों के लिए साल में एक बार चंदा देने को तैयार हैं, लेकिन अपनी धार्मिक मान्यताओं के कारण आदिवासी धार्मिक परंपराओं का पालन नहीं करेंगे। इसी मतभेद के चलते विवाद बढ़ गया।
स्थिति को संवेदनशील देखते हुए प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।

CG News:-पहले भी हो चुका है ऐसा विवाद
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नारायणपुर के भरण्डा गांव में भी धर्मांतरण को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। वहां 26 धर्मांतरित परिवारों को गांव छोड़ने का दबाव बनाया गया था। प्रशासन की लंबी बातचीत के बाद स्थिति सामान्य कराई गई थी, लेकिन अब खड़का गांव में फिर से ऐसा मामला सामने आने से क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।
