RBI Update:-लोन नहीं चुकाया तो फोन होगा ‘आधा बंद’! RBI का बड़ा प्लान, लेकिन कॉल-इंटरनेट चालू रहेगा

RBI Update:-भारत में मोबाइल खरीदने के लिए लोन लेने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसी बीच रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने एक ऐसा प्रस्ताव दिया है, जो करोड़ों स्मार्टफोन यूज़र्स को सीधे प्रभावित कर सकता है। अब अगर कोई व्यक्ति मोबाइल या टैबलेट का लोन समय पर नहीं चुकाता, तो बैंक या फाइनेंस कंपनी उसके डिवाइस के कुछ फीचर्स को दूर से ही लॉक कर सकती है।
हालांकि RBI ने साफ कर दिया है कि आने वाली कॉल, इंटरनेट, SOS इमरजेंसी फीचर और सरकारी अलर्ट जैसी जरूरी सेवाएं किसी भी हालत में बंद नहीं की जाएंगी। यानी फोन पूरी तरह बंद नहीं होगा, लेकिन कई फीचर्स पर रोक लग सकती है।
RBI Update:-RBI के ड्राफ्ट नियम के मुताबिक, यह कार्रवाई तभी होगी जब ग्राहक की EMI 90 दिनों से ज्यादा बकाया हो। इसके पहले कंपनी को नोटिस देना जरूरी होगा और ग्राहक को भुगतान के लिए पर्याप्त समय भी मिलेगा। खास बात यह है कि ग्राहक की निजी फोटो, वीडियो या डेटा तक फाइनेंस कंपनी की कोई पहुंच नहीं होगी।
अगर ग्राहक बकाया चुका देता है, तो कंपनी को एक घंटे के अंदर फोन से सभी पाबंदियां हटानी होंगी। ऐसा नहीं करने पर हर घंटे ₹250 का मुआवजा देना पड़ सकता है।
भारत में एक-तिहाई से ज्यादा मोबाइल खरीद लोन के जरिए होती है। ऐसे में RBI का यह प्रस्ताव आने वाले समय में डिजिटल लोन मार्केट में बड़ा बदलाव ला सकता है। फिलहाल RBI ने इस ड्राफ्ट पर 31 मई तक आम लोगों से सुझाव मांगे हैं।