NH-53 Accident:-NH-53 पर मौत को मात! पुलिस की डायल 112, कंटेनर और यात्री बस की भीषण टक्कर, तीनों वाहन चकनाचूर, बड़ा हादसा टला

NH-53 Accident:-रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे नेशनल हाईवे-53 (NH-53) पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मंदिर हसौद थाना के ठीक सामने पुलिस की डायल 112, एक भारी कंटेनर और रायपुर जा रही किरण ट्रेवल्स की यात्री बस के बीच भीषण त्रिकोणीय टक्कर हो गई। हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री, पुलिसकर्मी या चालक को गंभीर चोट नहीं आई।
NH-53 Accident:-ऐसे हुआ हादसा
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, डायल 112 की टीम पलौद मोड़ की ओर नियमित पेट्रोलिंग कर वापस मंदिर हसौद थाना लौट रही थी। जैसे ही पुलिस वाहन हाईवे से थाने की ओर मुड़ने लगा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कंटेनर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान कंटेनर के पीछे चल रही किरण ट्रेवल्स की बस (क्रमांक CG 06 HB 9519) भी कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। कुछ ही सेकंड में हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
NH-53 Accident:-तीनों वाहनों को भारी नुकसान
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डायल 112 वाहन का अगला और साइड हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि इंजन को भी गंभीर नुकसान पहुंचा। वहीं बस का फ्रंट हिस्सा, बंपर और विंडशील्ड टूट गई। कंटेनर के पिछले हिस्से और बॉडी को भी नुकसान पहुंचा है।
बस में यात्री सवार थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर से कुछ देर के लिए बस के अंदर चीख-पुकार मच गई, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
NH-53 Accident:-हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना मंदिर हसौद थाना के सामने होने के कारण पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हादसे के बाद NH-53 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों और चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया गया।
NH-53 Accident:-पुलिस कर रही जांच
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कंटेनर की तेज रफ्तार और समय पर वाहन नियंत्रित न कर पाना माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही कंटेनर चालक से पूछताछ की जा रही है।
