राजनीति

Monsoon Session:-मानसून सत्र से पहले मोदी सरकार में ‘ऑपरेशन कैबिनेट’! क्या शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की होगी विदाई? कई बड़े चेहरों पर सस्पेंस

Monsoon Session:-संसद के मानसून सत्र से पहले केंद्र की मोदी सरकार में बड़े कैबिनेट फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की टीम के ऐलान के साथ ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

बताया जा रहा है कि इस फेरबदल में कई मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं। कुछ नेताओं को सरकार से संगठन में भेजा जा सकता है, जबकि संगठन में काम कर रहे नेताओं को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है।

Monsoon Session:-सबसे ज्यादा चर्चा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर हो रही है। हाल के दिनों में नीट परीक्षा और सीबीएसई की डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली को लेकर उठे विवादों के बाद उनके मंत्रालय में बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत पर भी काम कर सकती है। ऐसे में संगठन और सरकार दोनों में जिम्मेदारी संभाल रहे कुछ नेताओं को एक पद छोड़ना पड़ सकता है।

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों को मंत्रिमंडल में अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। साथ ही, हाल के वर्षों में अन्य दलों से भाजपा में शामिल हुए कुछ नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।

23 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से और 25 जून को गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात के बाद कैबिनेट विस्तार की अटकलों ने जोर पकड़ा। हालांकि, सरकार ने इन बैठकों को सामान्य शिष्टाचार मुलाकात बताया है। फिलहाल अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्तर पर होना है और आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *